maharashtra

मराठाओं पर बरसीं लाठियां

Published

on

जालना में आरक्षण को  लेकर प्रदर्शन हुआ हिंसक

पुलिस ने की हवाई फायरिंग

पथराव में 12 पुलिसकर्मी   घायल

जालना. अंतरावली सराती में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर अनशन पर बैठे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने शुक्रवार को लाठीचार्ज किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया जिसके जवाब में पुलिस ने हवाई फायरिंग की। पथराव में 12 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। बता दें कि मराठा आरक्षण को लेकर यहां पिछले चार दिनों से अनशन चल रहा है।

ऐसे शुरू हुई हिंसा

29 अगस्त से आरक्षण की मांग को लेकर मराठा मोर्चा के संयोजक मनोज जारांगे समेत 10 लोग धरने पर बैठे थे।

पुलिस ने गुरुवार रात उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की थी। लेकिन इस कोशिश को ग्रामीणों ने नाकाम कर दिया।

शुक्रवार दोपहर फिर जब पुलिस ने अनशनकारियों को उठाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने भारी विरोध किया, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच बहस हो गई।

  इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने की कोशिश  की। लेकिन  विरोध करने पर पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया।

इस बीच प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं।

वाहनों में लगाई आग

इस बीच खबरें आ रही हैं कि धुले-सोलापुर हाईवे पर कुछ गाड़ियों में आग लगा दी गई है। बीड़ में भी बंद बुलाया गया है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं है।

फडणवीस पर भड़के शरद पवार

एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने  गृह मंत्री देवेंद्र फड़णवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठियों से हमला किया है। एक बार चर्चा हो गई तो बल प्रयोग की जरूरत नहीं होती। पवार ने आगे कहा कि राज्य के गृह मंत्री की कुछ तत्वों के प्रति भावनाएं पुलिस की कार्रवाई में देखी जा सकती हैं। पुलिस को क्या दोष दें? पुलिस को ऊपर से ऐसे निर्देश मिले और उन्होंने कार्रवाई की।इससे पुलिस और युवाओं के बीच अनावश्यक कटुता पैदा हो गई है। उन्होंने कहा, लेकिन इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार और उन लोगों की है जो गृह मामलों के प्रभारी हैं।

बेशर्मी की पराकाष्ठा ; आदित्य

प्रदर्शनकारियों  पर लाठीचार्ज किये जाने के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे पार्टी के विधायक और नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में अपने ही अधिकारों के लिए आंदोलन करना मुश्किल हो गया है, आरक्षण के लिए आंदोलन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि हम ऐसी सरकार सरकार को उखाड़ फेंकना चाहते थे। बेशर्मी की पराकाष्ठा हो गई है! लेकिन महाराष्ट्र इसे लंबे समय तक बर्दाश्त नहीं करेगा, बदलाव अवश्यंभावी है।

किसने, क्या कहा

प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से घटना की जानकारी ली है। जांच के आदेश दे दिए गए हैं। -एकनाथ शिंदे (सीएम)

यह कृत्य बेहद निंदनीय है और गृह मंत्री को तुरंत खुलासा करना चाहिए कि यह सब किसके आदेश पर किया गया, अन्यथा आपको समाज के क्रोध का सामना करना पड़ेगा। – संभाजी राजे छत्रपति

मैं जालना में मनोज जारांगे पाटिल के चल रहे विरोध प्रदर्शन को अमानवीय तरीके से कुचलने की राज्य सरकार की कार्रवाई की कड़ी निंदा करता हूं। वीडियो में ज्यादती साफ नजर आ रही है। – अशोक चव्हाण (पूर्व सीएम)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version